
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 रुड़की में
भौतिक विज्ञान के स्नातकोत्तर शिक्षकों हेतु दो दिवसीय विषय संवर्धन कार्यशाला आरंभ।
आज पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 रुड़की में केंद्रीय विद्यालय संगठन देहरादून संभाग के भौतिक विज्ञान के स्नातकोत्तर शिक्षकों हेतु विषय संवर्धन के उद्देश्य के साथ एक दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन शुरू हुआ । इस कार्यशाला में देहरादून संभाग के भौतिक विज्ञान के 41, स्नातकोत्तर शिक्षक शिक्षिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं तथा उन्हें विषय संवर्धन हेतु मार्गदर्शन करने हेतु केंद्रीय विद्यालय बनबसा कैंट से बी सी पुरोहित, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 रुड़की से प्रविंद्र सिंह तथा केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक रुड़की से संदीप रावत संसाधन पुरुष के रूप में सहभागिता कर रहे हैं ।
कार्यशाला का उद्घाटन आज विद्यालय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष कर्नल ए जोजी पॉल के प्रतिनिधि के रूप में 2 ट्रेनिंग बटालियन बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप एवं केंद्र के कर्नल दुर्गेश गौड सेकेंड इन कमांड के कर कमलों से संपन्न हुआ । उनके साथ विशेष अतिथि के रूप में पी एम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 के प्राचार्य चंद्रशेखर बिष्ट भी मौजूद रहे जबकि आयोजक विद्यालय के प्राचार्य नेत्र सिंह के दिग्दर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
इस अवसर पर बोलते हुए मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल दुर्गेश गौड ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं से जहां शिक्षकों का ज्ञान अद्यतन होता है वहीं छात्र-छात्राओं को भी इसका लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि आज यहां मुख्य अतिथि के रूप में आकर मुझे मेरे बचपन के दिन याद आ गए हैं कि किस प्रकार से हमारे भौतिक विज्ञान के शिक्षक हमें ज्ञान प्रदान करते थे।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि का विद्यालय के द्वार पर स्काउट गाइड कलर पार्टी द्वारा सलामी देकर स्वागत किया गया जबकि कक्षा 5 के बच्चों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा करके उनका अभिनंदन किया।
आयोजक विद्यालय के प्राचार्य नेत्र सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति से इन शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को बल मिला है उन्होंने आशा जताई कि सभी शिक्षक – शिक्षिकाएं यहां से जो ज्ञान प्राप्त करेंगे उसे वह अपने विद्यालय में जाकर बच्चों के साथ जरूर बाटेंगे तथा इससे उनके भी चिंतन स्तर में सुधार होगा तथा शिक्षण अधिगम प्रक्रिया और अधिक प्रभावशाली बनेगी।
कार्यक्रम का संचालन पाठ्य सहगामी गतिविधि प्रभारी श्रीमती प्रियंका सिंघल ने किया जबकि आलोक गुप्ता,श्रीमती संगीता पंवार, सीमा केसरी, वीरेंद्र सिंह वर्मा, सुमन गुप्ता प्रविंद्र सिंह विकास शर्मा, घनश्याम बादल एवं अभय श्रीवास्तव आदि का उल्लेखनीय योगदान रहा।
(नेत्र सिंह)
प्राचार्य
