
रुड़की में सिद्ध पीठ प्राचीन शिव मंदिर विचित्र महादेव में संतोषी मां की विधिवत पूजा संपन्न
रुड़की। सिद्ध पीठ प्राचीन शिव मंदिर विचित्र महादेव में आज संतोषी मां की विधिवत पूजा-अर्चना बड़े श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और मां संतोषी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर के संस्थापक जय भगवान पुजारी तथा मंदिर की मुख्य पुजारन वर्षा माता ने भक्तों को संबोधित करते हुए संतोषी मां की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि मां संतोषी से सच्चे मन, श्रद्धा और अटूट विश्वास के साथ की गई प्रार्थना कभी निष्फल नहीं जाती। मां अपने भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करती हैं।
इस दौरान जय भगवान फलारी बाबा ने भी भक्तजनों को संबोधित करते हुए बताया कि सिद्ध पीठ प्राचीन शिव मंदिर विचित्र महादेव एक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां सच्चे मन से की गई प्रार्थनाएं अवश्य पूरी होती हैं। उन्होंने कहा कि यदि श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान भोलेनाथ का स्मरण किया जाए, तो वे अपने भक्तों की हर इच्छा पूरी करते हैं।
फलारी बाबा ने यह भी बताया कि मंदिर का निर्माण कार्य अभी जारी है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार मंदिर निर्माण में सहयोग करें, ताकि सनातन परंपरा को और सशक्त बनाया जा सके।
उन्होंने भारतीय संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी संस्कृति न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी सम्मानित है। इसे संरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है। अंत में उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ की गई प्रार्थना को भगवान भोलेनाथ अवश्य स्वीकार करते हैं।
पूजा कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर रहा।
