
नवरात्रि मे सच्ची श्रद्धा से पूरी होती हैं मनोकामनाएं — वर्षा माता
शहर में चल रहे पावन नवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और हर कोई माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहा है।
इसी क्रम में सिद्ध पीठ प्राचीन शिव मंदिर विचित्र महादेव की मुख्य पुजारन वर्षा माता ने नवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व केवल पूजा का ही नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और सच्ची आस्था का भी समय है। उन्होंने कहा कि यदि भक्त सच्ची श्रद्धा और पूर्ण लगन के साथ मां दुर्गा की आराधना करते हैं, तो मां उनकी हर मनोकामना अवश्य पूर्ण करती हैं।
वर्षा माता ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मां की विशेष पूजा, व्रत और नियमों का पालन करने से भक्तों को मनचाहा फल प्राप्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पूरे विश्वास और सकारात्मक भावना के साथ मां की भक्ति करें।
मंदिर में इन दिनों विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और हवन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और “जय माता दी” के जयकारों से माहौल गूंज रहा है।
नवरात्रि के इस पावन अवसर पर श्रद्धालु मां दुर्गा से सुख, समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं।
