
रूडकी हर्ष।आज केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 रुड़की में 52 वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ रंगारंग कार्यक्रम के साथ उद्घाटन हुआ । केंद्रीय विद्यालय संगठन देहरादून संभाग द्वारा आयोजित संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ट्रेनिंग बटालियन दो के कार्यकारी कमांडिंग ऑफिसर मेजर वी पी सिंह ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में अमेरिका के तैराक माइकल फेल्प्स का जिक्र करते हुए बच्चों को बताया कि

इस अकेले तैराक ने ओलंपिक प्रतिस्पर्धा में 28 पदक जीते हैं जिनमें से 23 स्वर्ण पदक हैं जबकि भारत ने भी अब तक ओलंपिक प्रतिस्पर्धा में 28 की पदक जीते हैं जिनमें से केवल 9 स्वर्ण पदक हैं। उन्होंने कहा कि कुछ श्रेष्ठ करने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति एवं संकल्प की आवश्यकता होती है अतः बच्चों को दृढ शक्ति के साथ अपने लक्ष्य पर दृष्टि गड़ा कर रखनी चाहिए । इससे पूर्व उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य अरविंद कुमार के साथ ध्वजारोहण किया।

संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्वागत गान के साथ आरंभ हुए उद्घाटन समारोह में विद्यालय के प्राचार्य अरविंद कुमार ने मुख्य अतिथि मेजर वीपी सिंह का हरित स्वागत करने के पश्चात अपने संबोधन में इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यालयों एवं देहरादून संभाग तथा केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 रुड़की के समस्त शिक्षकों छात्र-छात्राओं तथा भाग लेने वाले खिलाड़ियों एवं उनके अनुरक्षकों का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि यह प्रतियोगिता खेल भावना के साथ एवं उच्च मूल्यों को प्रतिस्थापित करते हुए संपन्न होगी।

ज्ञातव्य है कि इस प्रतियोगिता में देहरादून संभाग के 13 विद्यालयों के 110 खिलाडी खो -खो, जूड़ो, हैंडबॉल एवं शूटिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं । संभागीय स्तर पर चयनित होने वाले ऐसे खिलाड़ी जो केंद्रीय विद्यालय संगठन के मांगों की पूर्ति करेंगे उनका चयन केंद्रीय विद्यालय संगठन के राष्ट्रीय खेलों के लिए भी किया जाएगा।
खेल शिक्षक किशन सिंह राणा के संयोजन में आयोजित इस प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रियंका सिंघल ने किया जबकि संगीत संयोजन श्रीमती शाल्वी गुप्ता का रहा ।
समाचार लिखे जाने तक खो-खो प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय गोचर ने न्यू टिहरी टाउन को एक पारी एवं 2 अंकों से परास्त किया जबकि दूसरे मैच में केंद्रीय विद्यालय रायवाला ने के वि सोरखंड से 0-1 से मात खाई । हैंडबॉल के मैच में केंद्रीय विद्यालय ओएनजीसी देहरादून केंद्रीय विद्यालय जोशीमठ को 5-1 से हराकर विजयी रहा।
