रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ 52 वीं के वि सं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन

Spread the love

 

रूडकी।बच्चों में गज़ब की प्रतिभा होती है तथा स्वस्थ मन एवं शरीर के साथ ही वें बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं । खेल प्रतियोगिताएं इसमें महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती हैं । बच्चों पर किया गया इन्वेस्टमेंट देश  के भविष्य पर किया गया इन्वेस्टमेंट है । मैं, केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा आयोजित की जा रही 52 वीं राष्ट्रीय खेल कूद प्रतियोगिताओं के उद्घाटन की घोषणा  करता हूं । साथ ही बच्चों से खेल भावना के साथ इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान करता हूं ।”

बंगाल सेपर्स इंजीनियरिंग ग्रुप एंड सेंटर के कमांडेंट तथा दोनों विद्यालयों की प्रबंधन समिति के अध्यक्ष  ब्रिगेडियर राजेश भट  के इस उद्गार के साथ केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक एवं क्रमांक दो के संयुक्त तत्वावधान में आज 52 वीं के वि सं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का उद्घाटन हुआ ।

 इस अवसर पर बोलते हुए गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में पधारी केंद्रीय विद्यालय संगठन, देहरादून संभाग की सहायक आयुक्त श्रीमती स्वाति अग्रवाल ने अपने संक्षिप्त एवं सारगर्भित संबोधन में बच्चों से खेल भावना के साथ खेलने एवं अपनी प्रतिभा का सर्वोत्तम प्रदर्शन करने की अपील की । उन्होंने कहा “आपको अपना सर्वश्रेष्ठ देना है परिणाम भी बेहतरीन ही होगा ” ।    

केंद्रीय विद्यालय क्रमांक दो के प्राचार्य अरविंद कुमार एवं के वि नंबर एक के प्राचार्य चंद्रशेखर बिष्ट ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर राजेश भट, एवं  सम्मानित अतिथि सहायक आयुक्त श्रीमती स्वाति अग्रवाल को पौधे भेंट करके उनका हरित स्वागत किया ।

इस अवसर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रतियोगिताओं के उद्घाटन समारोह में बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, गढ़वाली नृत्य एवं पंजाबी भांगड़ा आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किए । जब केंद्रीय विद्यालय क्रमांक दो  के नन्हे मुन्ने बच्चों ने एक्शन सॉन्ग “हमें ले चलो चांद सितारों के गांव में” की प्रस्तुति दी तो उन्हें भरपूर तालियां मिलीं।

समारोह स्थल पर केंद्रीय विद्यालय संगठन के 23 संभागों के 202 खिलाड़ी एवं 38 अनुरक्षकों तथा दोनों विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षिकाओं की उपस्थिति में जब दोनों विद्यालयों के बच्चों के बैंड के साथ रंग बिरंगी पोशाक में सजे हुए खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट किया तो कार्यक्रम स्थल जोश से भर गया । केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 की छात्रा कुमारी खुशी पाल ने बच्चों को शपथ दिलवाई तथा कुमारी मनु गुर्जर ने प्रज्वलित मशाल लेकर मैदान का चक्कर लगाया।

ओमवीर सिंह, श्रीमती पूनम कुमारी तथा मोनिका नेगी के संयुक्त संचालन में लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस समारोह के अंत में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक  के प्राचार्य चंद्रशेखर बिष्ट ने सभी आगंतुक अतिथियों, बंगाल सेपर्स और इंजीनियर से आए हुए कर्नल हरप्रीत सिंह, सी ओ 2 ट्रेनिंग बटालियन एवं कर्नल स्निग्धा शर्मा, सी ओ 1 ट्रेनिंग बटालियन, उप प्राचार्या श्रीमती अंजू सिंह, श्रीमती बेबी रानी वर्मा आदि की उपस्थिति में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता की सफलता उसमें भाग लेने वाले खिलाड़ियों तथा व्यवस्था करने वाले संस्थानों पर निर्भर करती है । आज के कार्यक्रम में सभी ने अपनी भूमिका पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ निभाई उन्होंने इस सफलता के लिए केंद्रीय विद्यालय भेल हरिद्वार के प्राचार्य राजेश कुमार सहित सभी का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।


Spread the love