
पीरान कलियर शरीफ में सिंचाई विभाग की भूमि से हटाया गया अवैध निर्माण, अभियान आगे भी जारी रहेगा!
रुड़की। पीरान कलियर शरीफ क्षेत्र में पुरानी गंगा नहर के किनारे सिंचाई विभाग की भूमि पर बने एक अवैध मजार को बुधवार सुबह पुलिस प्रशासन और सिंचाई विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के तहत की गई।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शनिवार या रविवार को क्षेत्र में अन्य अवैध सिंचाई विभाग भूमि पर निर्माणों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जा सकती है।
यह अभियान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ के नेतृत्व में चलाया गया। मौके पर उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के डीआरओ मुनेश कुमार, एसडीओ अर्जुन सिंह, जेई विष्णु धीमान तथा पुलिस टीम मौजूद रही।
प्रशासन ने बताया कि पुरानी गंगा नहर की भूमि पर अवैध रूप से मजार का निर्माण किया गया था, जो स्पष्ट रूप से सरकारी संपत्ति पर अतिक्रमण की श्रेणी में आता है। पूर्व में संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी थी, जिसके बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रही और स्थानीय लोगों की भीड़ को नियंत्रित रखा गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने और अवैध निर्माण से बचने की अपील की गई है।
रूडकी से हर्ष की रिपोर्ट
