
रुड़की के निशानेबाज अभिनव देशवाल ने बढ़ाया देश का मान, युवाओं के बने प्रेरणा स्रोत
रुड़की। शहर के प्रतिभाशाली निशानेबाज अभिनव देशवाल ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल क्षेत्र बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर उन्होंने शूटिंग की दुनिया में एक अलग पहचान बनाई है।अभिनव अब तक लगभग 40 राष्ट्रीय पदक अपने नाम कर चुके हैं। वर्ष 2022 में ब्राजील में आयोजित डेफलिम्पिक्स में उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। इसके बाद वर्ष 2024 में जर्मनी में आयोजित वर्ल्ड डेफ शूटिंग चैंपियनशिप में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पांच पदक जीते, जिनमें 10 मीटर एयर पिस्टल, 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल और 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल जैसी स्पर्धाएं शामिल रहीं।वर्ष 2025 में टोक्यो (जापान) में आयोजित डेफलिम्पिक्स में अभिनव ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, वर्ष 2026 में उन्होंने ओपन कैटेगरी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन चैंपियनशिप में 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया। इसके साथ ही हाल ही में आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप 2026 (काहिरा) में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ दी।अभिनव देशवाल सुनने में दिव्यांग होने के बावजूद सामान्य वर्ग के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, जो उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उनकी सफलता आज युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन चुकी है।अभिनव के पिता मनोज देशवाल ने उनकी सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि अभिनव ने हमेशा चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया है और भविष्य में वह देश के लिए और भी बड़े मुकाम हासिल करेंगे।वरिष्ठ पत्रकार एवं कांग्रेस नेता सुभाष सैनी ने भी अभिनव देशवाल और शौर्य सैनी को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए।अभिनव के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर कोच अमित धीमान, कुलभूषण त्यागी, राजवीर सिंह तोमर, अजय राठी, ईश्वर अग्रवाल, हिमांशु सिंह, गुरमीत सिंह, सतीश, राम अवतार पांडे, उजाला सिंह, सुधीर त्यागी, सुभाष सैनी, पूर्व पार्षद विवेक चौधरी, वर्तमान पार्षद मास्टर कुलबीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
