
सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई तेज, अतिक्रमणकारियों में हड़कंप
हरिद्वार हर्ष।पीरान कलियर शरीफ में सिंचाई विभाग की भूमि से हटाया गया अवैध निर्माण, आगे भी अभियान रहेगा जारी!
रुड़की। पीरान कलियर शरीफ क्षेत्र में पुरानी गंगा नहर के किनारे सिंचाई विभाग की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस प्रशासन और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने सरकारी भूमि पर बने एक अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अन्य अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों के खिलाफ भी जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। संभावना है कि शनिवार या रविवार को भी बुलडोजर कार्रवाई की जा सकती है।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ अर्जुन सिंह, जेई विष्णु धीमान तथा पुलिस विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने बताया कि पुरानी गंगा नहर की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित किया जा रहा है और उन्हें हटाने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस जारी कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी थी, जिसके बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रही और स्थानीय लोगों की भीड़ को नियंत्रित रखा गया।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
