
रुड़की/हर्ष की रिपोर्ट। पीरान कलियर शरीफ क्षेत्र में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सिंचाई विभाग ने शनिवार को व्यापक अभियान चलाया। विभागीय अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में गंगा नहर किनारे किए गए अवैध कब्जों और निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की गई। इस दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
सिंचाई विभाग के एसडीओ अर्जुन सिंह और जिलेदार अजय शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में विभागीय टीम ने कई अवैध निर्माणों को हटाया। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी कर अतिक्रमण स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे तथा चेतावनी दी गई थी कि निर्धारित समय सीमा में कब्जा नहीं हटाने पर विभाग द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पीरान कलियर क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया था। उस दौरान भी विभाग ने अवैध कब्जाधारकों को सरकारी भूमि खाली करने के लिए अवगत कराया था। चेतावनी के बावजूद कब्जा न हटाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि गत दिनों भी प्रशासन और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने पुरानी गंगा नहर की भूमि पर बने एक अवैध निर्माण को ध्वस्त किया था। उस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की तैनाती कर कानून-व्यवस्था बनाए रखी गई थी। अधिकारियों ने तब स्पष्ट किया था कि सरकारी भूमि पर किए गए सभी अवैध कब्जों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।
शनिवार को चली कार्रवाई के दौरान भी पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पुरानी गंगा नहर की भूमि पर किए गए अन्य अवैध कब्जों की भी पहचान की जा चुकी है तथा आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा।
अधिकारियों ने दोहराया कि सरकारी संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।
