
रूडकी हर्ष।खानपुर विधानसभा क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदय सिंह पुंडीर ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगरों में बाबा साहब को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उन्होंने बताया कि ग्राम शिकारपुर, थींतोला, गधारोणा, ढेडेरा, नगर पंचायत मोहम्मदपुर, मोहनपुरा, मिलाप नगर, गोल भट्टा, भंगेड़ी और महावतपुर सहित कई स्थानों पर लोगों ने एकत्र होकर बाबा साहब के योगदान को स्मरण किया और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
उदय सिंह पुंडीर ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में एक महान विचारक और समाज सुधारक के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने देश को ऐसा संविधान दिया, जो एकता, अखंडता, भाईचारा और समानता का संदेश देता है।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को बाबा साहब के पदचिन्हों पर चलने की आवश्यकता है, ताकि वे देश और दुनिया में भारत का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहब के विचार और उनका संविधान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
