
संत शिरोमणि रविदास जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई
हरिद्वार हर्ष। संत शिरोमणि रविदास जयंती के अवसर पर खानपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर श्रद्धा और उत्साह के साथ जयंती मनाई गई। इस अवसर पर इंटक जिला अध्यक्ष उदय सिंह पुंडीर ने शिकारपुर, झज्जरपुर, भंगेड़ी, तुगलपुर सहित अन्य कई गांवों में पहुंचकर संत शिरोमणि रविदास जी के दर्शन किए और जयंती कार्यक्रमों में सहभागिता की।
क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और ग्रामीणों ने उदय सिंह पुंडीर का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने संत शिरोमणि रविदास जी के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए समाज को उनके बताए सत्यमार्ग पर चलने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उदय सिंह पुंडीर ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी ने अपना संपूर्ण जीवन मानव सेवा और ईश्वर की आराधना में समर्पित किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को समानता, प्रेम और भाईचारे का मार्ग दिखाते हैं और उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक सशक्त एवं समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने संत शिरोमणि रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
